
किचन में रखे बाक़ी बर्तनों के मुक़ाबले कांटा-छुरी आकार में छोटी होती हैं, मगर उन्हें भी साफ़ करना उतना ही ज़रूरी होता है। लेकिन उनको साफ़ करने का तरीक़ा अलग है। तो चलिए जानते हैं उनकी साफ़ाई करने के तरीक़े।
१) स्टेनलेस स्टील की कांटा-छुरी की सफ़ाई
स्टेनलेस स्टील की कांटा-छुरी पर खाने के दाग़ से लेकर हाथ के निशान भी साफ़ दिखाई देते हैं। ऐसे में इनकी सफ़ाई के लिए १ कप गुनगुने पानी में २ छोटा चम्मच डिशवॉशिंग लिक्विड मिलाएं और घोल तैयार करें। अब तैयार घोल में स्पंज डुबोकर कटलरी को साफ़ करें। फिर इन्हें सूखे कपड़े से दोबारा पोछें। अगर कटलरी पर ज़िद्दी दाग़ हैं तो उन्हें साफ़ करने के लिए बड़े बाउल में पानी लें और उसमें १ कप विनेगर मिलाएं। तैयार घोल में कटलरी को ५-७ मिनट के लिए भिगोकर रखें। उसके बाद इन्हें गुनगुने पानी और डिशवॉशिंग लिक्विड के घोल से धोकर साफ़, सूखे कपड़े से पोछें, जिससे इनपर पानी के दाग़ दिखाई नहीं देंगे।
२) चांदी की कांटा-छुरी की सफ़ाई
चांदी की कांटा-छुरी दिखने में काफ़ी ख़ूबसूरत नज़र आती हैं। लेकिन ये जल्दी गंदी होने के साथ काली भी पड़ने लगती हैं। ऐसा होने पर इन्हें डिशवॉशर में न धोएं, क्योंकि इससे आपके समय की बचत तो होगी, पर इससे कांटा-छुरी ख़राब होंगी। इनको साफ़ करने के लिए पहले इन्हें साधारण पानी से धोएं, जिससे इनपर जमा खाना साफ़ हो जाए। अब बाउल भर पानी में २ छोटे चम्मच डिशवॉशिंग लिक्विड डालकर घोल बनाएं। फिर तैयार घोल में साफ़ कपड़ा भिगोएं और कांटा-छुरी को साफ़ करें। आख़िर में माइक्रोफ़ाइबर क्लॉथ का इस्तेमाल करके इन्हें पोछें।

३) लकड़ी की कांटा-छुरी की सफ़ाई
लकड़ी की कांटा-छुरी की सफ़ाई करने के लिए १ कप गुनगुने पानी में २ छोटे चम्मच डिशवॉशिंग लिक्विड मिलाकर घोल तैयार करें। तैयार घोल में नायलॉन के स्क्रबर को डुबोकर इन्हें साफ़ करें, फिर इसे साधारण पानी से धोएं और सूखे कपड़े से पोंछें। इससे लकड़ी की कांटा-छुरी आसानी से साफ़ होंगी।
तो इस तरह आपकी कांटा-छुरी हमेशा नई नज़र आएंगी!