बच्चे मन मौजी होते हैं। अपनी छोटी-मोटी शरारतों और मस्ती से मां के काम को बढ़ाते हैं, कभी फ़र्श पर सब्ज़ी, कभी डायनिंग टेबल पर दाल तो कभी दीवार पर पेन-पेंसिल से कलाकारी करना उनकी शरारतों में शामिल है। अगर कभी इसी तरह मस्ती-मस्ती में आपका बच्चा सोफ़े पर जूस गिरा दे तो सोफ़े की सफ़ाई कुछ इस तरह करें।
सोफ़े पर लगे जूस के दाग़ को तुरंत साफ़ करना क्यों है ज़रूरी?
अगर आपके सोफ़े पर जूस गिर जाए तो उसके दाग़ को तुरंत और जल्द से जल्द साफ़ करना ज़रूरी है। यदि सही समय पर दाग़ का इलाज नहीं किया गया तो दाग़ ज़िद्दी हो जाते हैं, जिन्हें साफ़ करना काफ़ी मुश्किल हो जाता है। इसलिए सही समय पर दाग़ को हटाएं। मगर ध्यान रहे सफ़ाई से पहले सोफ़े पर लगे केयर लेबल को पढ़ें और दिए गए निर्देश के अनुसार इसकी सफ़ाई करें।
निम्न सामग्री अपने साथ रखें:
ए) पेपर टॉवल
बी) डिशवॉश जेल
सी) सूखा कपड़ा
डी) गुनगुना पानी
ई) विनेगर
एफ़) तौलिया
सोफ़े पर गिरे जूस को साफ़ करने के लिए ये स्टेप्स अपनाएं
स्टेप १: पेपर टॉवल इस्तेमाल करें
सोफ़े पर जूस के गिरने पर तुरंत पेपर टॉवल को जूस पर फैलाएं। पेपर टॉवल ज़्यादा से ज़्यादा जूस को सोख लेगा। जिससे जूस सोफ़े के अंदर तक नहीं जा पाएगा।
स्टेप २: घोल बनाएं
बाउलभर गुनगुने पानी में १ छोटा चम्मच डिशवॉश जेल डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
स्टेप ३: कपड़े से पोछें
अब तैयार घोल में साफ़ और सूखा कपड़ा डुबोएं और इसे हल्के हाथ से निचोड़ें। फिर सोफ़े पर जहां जूस गिरा है उस जगह को पोंछें।
स्टेप ४: विनेगर इस्तेमाल करें
आधी बाल्टी पानी में २ बड़ा चम्मच विनेगर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब तैयार घोल में पुराना मगर साफ़ तौलिया डुबोएं। अब तौलिये को निचोड़ें और इससे सोफ़े को पोंछें। विनेगर का यह घोल इस्तेमाल करने से सोफ़े से जूस की गंध नहीं आएगी।
स्टेप ५: दोबारा पोंछें
अब बाल्टी लें, इसे पानी से आधा भरें। इसमें साफ़ और सूखा कपड़ा डुबोएं और उसे निचोड़ें। अब इससे सोफ़े को अच्छी तरह पोंछें। इससे सोफ़े से आने वाली विनेगर की महक भी चली जाएगी। आख़िर में सोफ़े को सूखे कपड़े से पोंछें ताकि कपड़ा सोफ़े की नमी को सोख ले।
तो इन आसान स्टेप्स से आप सोफ़े पर गिरे जूस और उसके दाग़ को आसानी से साफ़ कर सकते हैं।
मूल रूप से प्रकाशित